नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 30 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, ओरछा पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 30 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, ओरछा पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

नारायणपुर। जिले के ओरछा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। आखिरकार 13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे ओरछा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास से पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को पीड़िता की मां ने थाना ओरछा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 9 नवंबर को ग्राम चालचेर (अतापारा) निवासी मुराराम गोटा (30 वर्ष) ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने गुड़ाड़ी, एडजुम, ब्रेबेड़ा और चालचेर सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार पतासाजी की। इसी दौरान 13 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ओरछा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद विधिवत गिरफ्तारी की गई और आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दी गई।