स्टेशन पर ट्रेन में IED ब्लास्ट और बोगी पलटने की सूचना से मचा हड़कंप, 20 मिनट में पहुंची रेस्क्यू टीमें
कटर से काटकर बोगी में फंसे 20 से 25 डमी शवों को निकाला गया




भिलाई। सुबह करीब 11:15 बजे अचानक खबर फैलती है कि दुर्ग-रावघाट रेलमार्ग पर मरोदा रेलवे स्टेशन यार्ड के पास यात्री ट्रेन में आईईडी ब्लास्ट हो गया है। विस्फोट के कारण ट्रेन की एक बोगी पटरी से उतरकर पलट गई है और कई यात्री अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन की टीमों में हड़कंप मच जाता है। कुछ ही देर में घटनास्थल की ओर राहत और बचाव दलों का काफिला रवाना हो जाता है। हालांकि, यह कोई वास्तविक रेल हादसा नहीं था, बल्कि आपदा की स्थिति में तैयारियों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय परखने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और एनडीआरएफ की संयुक्त मॉक ड्रिल थी।
आपात सूचना मिलते ही रेलवे की एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी), एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल वैन (एआरएमवी), एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भिलाई इस्पात संयंत्र का दमकल वाहन और डायल-108 की एंबुलेंस महज 20 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गईं। मौके पर पहुंचते ही सभी बचाव दलों ने मोर्चा संभालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
अभ्यास के दौरान पलटी हुई बोगी में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का जीवंत प्रदर्शन किया गया। बचाव कर्मियों ने आधुनिक कटर मशीनों की मदद से बोगी की लोहे की चादरों को काटकर रास्ता बनाया और अंदर फंसे 20 से 25 डमी शवों को बाहर निकाला। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों के रूप में दर्शाए गए लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद स्ट्रेचर से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। इस संयुक्त अभ्यास के दौरान रायपुर रेल मंडल के एडीआरएम बजरंग अग्रवाल, सीनियर डीसीएम डॉ. विप्लव सुस्कर, सीनियर डीईई प्रतीक मिश्रा और विवेक पटेल सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी तैनात रहे।
मीडिया से चर्चा करते हुए रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम डॉ. विप्लव सुस्कर ने कहा कि मरोदा स्टेशन पर आयोजित इस अभ्यास को केवल मॉक ड्रिल कहने के बजाय ज्वाइंट एक्सरसाइज कहना अधिक उपयुक्त होगा। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में प्रभावी बचाव कार्य के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय जरूरी है। इसके लिए समय-समय पर ऐसे अभ्यास आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि रेलवे के पास अत्याधुनिक एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल वैन उपलब्ध है, जिसका उपयोग दुर्घटना के समय त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है। वहीं, एनडीआरएफ की थर्ड बटालियन के इंस्पेक्टर अबीर साहू ने बताया कि उनकी टीम भिलाई पावर हाउस स्टेशन के पास कैंप कर रही थी। मरोदा स्टेशन पर आपात स्थिति की सूचना मिलते ही टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और एसडीआरएफ दुर्ग के साथ मिलकर संयुक्त बचाव अभियान को अंजाम दिया।