आदतन अपराधी अभिनव तिवारी उर्फ लवली एक साल के लिए जिला बदर, 7 जिलों की सीमा से किया गया निष्कासित
एसपी भावना पांडेय की अनुशंसा पर जिला दण्डाधिकारी ने जारी किया आदेश, जेल से रिहा होने के बाद होगा प्रभावशील; मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले हैं दर्ज

धमतरी। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन ने आदतन बदमाशों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में चिट्टा तस्करी सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त अभिनव तिवारी उर्फ लवली को एक वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया गया है। जिला दण्डाधिकारी अबिनाश मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय की अनुशंसा पर 23 नवंबर 2026 को निष्कासन का आदेश जारी किया है।
आदेश के मुताबिक, अभिनव तिवारी को धमतरी सहित कुल सात जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष के लिए बाहर किया गया है। इनमें धमतरी, रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोंडागांव और गरियाबंद जिले शामिल हैं। आरोपी वर्तमान में अन्य आपराधिक मामलों में जिला जेल धमतरी में निरुद्ध है। ऐसे में जिला बदर का आदेश जेल से रिहाई के बाद प्रभावशील होगा। आदेश लागू होने के बाद सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना वह प्रतिबंधित जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
मारपीट से लेकर चिट्टा तस्करी तक के मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, धमतरी के आमातालाब रोड निवासी 35 वर्षीय अभिनव तिवारी वर्ष 2023 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, चाकू और तलवार जैसे हथियारों से लोगों में भय पैदा करने तथा मादक पदार्थ चिट्टा के अवैध कारोबार से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे 15 सितंबर 2025 को गुंडा सूची में भी शामिल किया था। इसके बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में सुधार नहीं हुआ। लगातार शिकायतों और दर्ज मामलों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क) एवं 5(ख) के तहत जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। प्रस्तुत साक्ष्यों और आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद जिला दण्डाधिकारी ने निष्कासन का आदेश पारित किया।
सात जिलों में प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
जिला बदर आदेश के प्रभावशील होने के बाद अभिनव तिवारी को एक वर्ष तक धमतरी, रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोंडागांव और गरियाबंद जिले की सीमाओं से बाहर रहना होगा। निर्धारित शर्तों का उल्लंघन कर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।