भिलाई में पहली बार होगा नाटक ‘जुरान’ का मंचन, बस्तर के आदिवासी जीवन की दिखेगी जीवंत झलक

मानव मंगल नेहरू नगर कालीबाड़ी में 21 नवंबर को होगा विजया सम्मेलन, गीत-संगीत, नृत्य और कविता पाठ से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

भिलाई में पहली बार होगा नाटक ‘जुरान’ का मंचन, बस्तर के आदिवासी जीवन की दिखेगी जीवंत झलक

भिलाई। दुर्गा पूजा विजया सम्मेलन 2026 के अवसर पर मानव मंगल कार्यकारी समिति, नेहरू नगर कालीबाड़ी, भिलाई द्वारा 21 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से मंदिर प्रांगण में आयोजित होगा। इस अवसर पर पहली बार कालीबाड़ी के प्रांगण में नाटक का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण शुभेंदु बागची द्वारा रचित एवं निर्देशित प्रसिद्ध नाटक ‘जुरान’ होगा।

‘पूबेर हावा’ प्रवासी बंगाली सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास संस्था के तत्वावधान में प्रस्तुत होने वाला यह नाटक बस्तर के आदिवासी समाज के जीवन, उनकी संस्कृति, परंपराओं, प्रकृति से जुड़ाव और संघर्षों को जीवंत रूप में सामने लाएगा। नाटक में आदिवासी जीवनशैली की सादगी, प्रकृति की अनछुई सुंदरता और मानवीय संवेदनाओं को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

नाटक के लेखक एवं निर्देशक शुभेंदु बागची के अनुसार, ‘जुरान’ केवल एक रंगमंचीय प्रस्तुति नहीं, बल्कि बस्तर के आदिवासी समाज की संवेदनाओं, संघर्षों और मानवीय मूल्यों को समझने का एक प्रयास है। इसमें प्रकृति और मनुष्य के बीच के गहरे संबंध को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है।

पहली बार कालीबाड़ी परिसर में होगा नाट्य मंचन

मानव मंगल के सदस्यों के लिए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि मंदिर प्रांगण में अब तक कभी नाटक का मंचन नहीं हुआ है। लंबे समय से सदस्यों की इच्छा थी कि इस परिसर में भी रंगमंचीय प्रस्तुति आयोजित हो। इस बार नाटक में मानव मंगल के सदस्यों की भी सक्रिय सहभागिता रहेगी।

सांस्कृतिक संध्या केवल नाटक तक सीमित नहीं रहेगी। दर्शकों को गीत, संगीत, वाद्य संगीत, नृत्य और कविता पाठ की प्रस्तुतियों का आनंद भी मिलेगा। आयोजकों ने शहर के संस्कृति प्रेमियों, रंगमंच के प्रशंसकों और नगरवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है। कार्यक्रम का आयोजन मानव मंगल कार्यकारी समिति एवं मानव मंगल, नेहरू नगर कालीबाड़ी के सभी सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है।