खराब बस को धक्का लगा रहे थे यात्री, तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, 5 लोगों की मौत

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब खराब हुई रोडवेज बस को यात्री धक्का लगाकर स्टार्ट कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस रात करीब 11 बजे थाना बागवाला क्षेत्र के गांव कीलरमऊ के पास अचानक खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस को दोबारा स्टार्ट करने के लिए करीब दस यात्री पीछे से धक्का लगा रहे थे, जबकि कुछ यात्री बस के आगे खड़े थे।

इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए कंटेनर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस को धक्का लगा रहे कई यात्री बस और कंटेनर के बीच दब गए, जबकि आगे खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने राजेश (34) निवासी दौलतपुर थाना नवाबगंज, सुखराम निवासी पिलखना, शैलेश कुमार निवासी उम्मरपुर थाना नवाबगंज (तीनों फर्रुखाबाद) तथा सत्येंद्र निवासी भरी थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में रवि, विक्रांत, आनंद सिंह, दक्ष सहित कई अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।
