मुख्यमंत्री के दौरे से पहले खुर्सीपार में प्रशासनिक तैयारियां तेज, कलेक्टर ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
24 नवंबर को भिलाई पहुंचेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, आईटीआई फुटबॉल ग्राउंड में होगा विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 24 नवंबर को प्रस्तावित भिलाई दौरे को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री के खुर्सीपार क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने आईटीआई फुटबॉल ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री के इस प्रवास के दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और तैयारियों की स्थिति देखी। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए मंच, कुर्सी, टेबल सहित सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें। वहीं निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने निगम अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों एवं अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।