अब QR कोड से होगी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की पहचान, यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल


दुर्ग। यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं भरोसेमंद बनाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने अनूठी पहल शुरू की है। अब जिले में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा में विशेष QR कोड लगाए जाएंगे। मोबाइल से QR कोड स्कैन करते ही यात्री संबंधित वाहन और उसके चालक की सत्यापित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे खासकर महिलाओं और बच्चों को यात्रा के दौरान सुरक्षा का अतिरिक्त भरोसा मिलेगा।
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देशन में रविवार, 22 नवंबर 2026 को ई-रिक्शा डिजिटल QR कोड एवं पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने ऑटो में QR कोड स्टिकर लगाकर तथा हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। उन्होंने ई-रिक्शा चालकों को डिजिटल पहचान पत्र भी वितरित किए।
इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा को विशिष्ट QR कोड दिया जाएगा। यात्री अपने मोबाइल से इसे स्कैन कर वाहन और चालक की सत्यापित जानकारी देख सकेंगे। इससे वाहन एवं चालक की पहचान आसान होगी। साथ ही किसी संदिग्ध गतिविधि, आपातकालीन स्थिति या शिकायत के मामले में पुलिस तक सूचना पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
दुर्ग पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल डिजिटल पहचान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन में जवाबदेही और विश्वास बढ़ाना भी है। विशेष रूप से महिला यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है। कार्यक्रम के दौरान दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर भी जागरूकता बढ़ाई। इसके तहत सभी ऑटो और ई-रिक्शा में नशे से संबंधित अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर के स्टिकर भी लगाए गए, ताकि आम नागरिक नशे के कारोबार के संबंध में पुलिस को जानकारी दे सकें। पुलिस के अनुसार, आगामी एक सप्ताह के भीतर जिले में संचालित सभी ऑटो और ई-रिक्शा में QR कोड स्टिकर लगाने तथा चालकों को पहचान पत्र वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अभियान के तकनीकी संचालन एवं क्रियान्वयन में जनहित आर. फाउंडेशन (JANHIT R. FOUNDATION) की तकनीकी टीम और आरोग्यम हॉस्पिटल भिलाई का विशेष सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम में आरोग्यम हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नवीन राम दारूका, जनरल मैनेजर सुमित घोषाल तथा ऑटो एवं ई-रिक्शा संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस की यह पहल स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों को वाहन और चालक की पहचान करने में सुविधा मिलेगी, वहीं पुलिस और आम नागरिकों के बीच जनसहयोग भी मजबूत होगा।