4.30 करोड़ की हेराफेरी में कर्मचारी गिरफ्तार, चार साल तक बिजली कंपनी की रकम का गबन

बैंक खाते में जमा नहीं कराई कंपनी की रकम; आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

4.30 करोड़ की हेराफेरी में कर्मचारी गिरफ्तार, चार साल तक बिजली कंपनी की रकम का गबन

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बिजली वितरण कंपनी को करोड़ों रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो वितरण केंद्रों में 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की वित्तीय अनियमितता के मामले में पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कर्मचारी ने उपभोक्ताओं और कंपनी से संबंधित राशि बैंक खाते में जमा कराने के बजाय उसका गबन कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी सामने आई। जांच में रवेली केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये और मरका केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की अनियमितता पाई गई। दोनों केंद्रों की कुल गबन राशि 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये आंकी गई है।

चार साल तक पदस्थापना के दौरान गड़बड़ी का आरोप

जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। इसी अवधि के दौरान कंपनी की राशि बैंक खातों में जमा नहीं कराए जाने और वित्तीय रिकॉर्ड में अनियमितता किए जाने का आरोप है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पिपरिया थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद आरोपी मनोज साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने गबन से जुड़े कृत्य स्वीकार किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

इस मामले में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी नितिन तिवारी के नेतृत्व में पिपरिया पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।