मजदूरी के पैसों के विवाद में फावड़े से हमला, घायल मजदूर की मौत; आरोपी गिरफ्तार
स्कूल में कराए गए काम की मजदूरी को लेकर हुआ था विवाद, 11 नवंबर को की गई थी मारपीट; रायपुर में उपचार के दौरान 15 नवंबर को तोड़ा दम

नारायणपुर। स्कूल में कराए गए निर्माण कार्य की मजदूरी के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की हत्या का कारण बन गया। ग्राम कोचवाही में मजदूरी की राशि को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोचवाही निवासी रंजन यादव और परदेशी राम नेताम के बीच स्कूल में किए गए कार्य की मजदूरी के भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर 11 नवंबर 2026 को दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान परदेशी राम नेताम ने रंजन यादव के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया गया। यहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद 15 नवंबर को उपचार के दौरान रंजन यादव की मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही परदेशी राम नेताम से पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपी की निशानदेही पर मारपीट में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी परदेशी राम नेताम (30 वर्ष), पिता अंकूराम नेताम, निवासी ग्राम कोचवाही के गौठानपारा को 17 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2) और 103 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अजय सिंह के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी कुकड़ाझोर कृष्णा साहू की टीम ने मामले में कार्रवाई की। नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।