पाकिस्तान के एजेंट के इशारे पर रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, महिला समेत दो गिरफ्तार; 30 हजार रुपये में रची गई थी साजिश

पाकिस्तान के एजेंट के इशारे पर रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, महिला समेत दो गिरफ्तार; 30 हजार रुपये में रची गई थी साजिश

जयपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस और पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने पाकिस्तान के एजेंट के संपर्क में रहकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस साजिश का मकसद ट्रेन को निशाना बनाना था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय महकदीप कौर निवासी दोस्तपुर और 23 वर्षीय देवेंद्र सिंह निवासी चौड़ा कलां, गुरदासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट के लिए पाकिस्तानी एजेंट की ओर से दिए गए 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में थी महिला

राजस्थान एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार, महकदीप कौर लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के एजेंटों के संपर्क में थी। वह शाह नाम के एक एजेंट से जुड़ी हुई थी। आरोप है कि इसी एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए उसे 30 हजार रुपये उपलब्ध कराए थे।

इसके बाद महकदीप ने अपने सहयोगी देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर श्रीगंगानगर पहुंचकर विस्फोट की साजिश को अंजाम दिया। जांच में सामने आया है कि आरोपियों को राजस्थान भेजते समय आईईडी नहीं दिया गया था। राजस्थान पहुंचने के बाद उन्हें एक निर्धारित स्थान से विस्फोटक का पैकेट उपलब्ध कराया गया था।

तीन बार पहुंचे श्रीगंगानगर, दो बार नाकाम रही साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपियों के तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पहली बार 6 अक्टूबर को दोनों आरोपियों ने इलाके में कई स्थानों की रेकी की, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोनों दोबारा श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया, लेकिन उसमें विस्फोट नहीं हुआ।

दो बार नाकाम रहने के बाद आरोपी 3 नवंबर को फिर श्रीगंगानगर पहुंचे। इस बार 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया।

पाकिस्तानी नेटवर्क की तलाश में जांच एजेंसियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान एटीएस, स्थानीय पुलिस और पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की टीमें संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे, विस्फोटक उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हैं और इस हमले के पीछे वास्तविक मंशा क्या थी।