हनुमान मंदिर के सामने अशोभनीय हरकत करने का आरोप, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। खुर्सीपार के स्ट्रीट नंबर 51 स्थित गर्ल्स स्कूल ग्राउंड के अंदर बने प्राचीन हनुमान मंदिर के सामने धार्मिक स्थल को अपवित्र करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय निवासी सलीम खान मंदिर के गेट के पास पेशाब कर रहा था। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत के बाद खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के भिलाई-चरोदा प्रखंड संयोजक खिलेंद्र यादव और जिला गौरक्षा प्रमुख रवि साहू कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया।
शिकायतकर्ता खिलेंद्र यादव, पिता रूपसिंग यादव, निवासी उत्तर डबरापारा भिलाई ने खुर्सीपार थाने में आवेदन देकर बताया कि स्ट्रीट नंबर 51 गर्ल्स स्कूल ग्राउंड के अंदर स्थित हनुमान मंदिर के सामने सलीम खान द्वारा कथित रूप से जानबूझकर पेशाब किया जाता है। इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व में कई बार समझाइश देने के बावजूद आरोपी गाली-गलौज करता था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था। शिकायतकर्ता ने रवि साहू, गुरुदीप, भूपेंद्र साहू, मुकेश साहू और पवन कौशिक के साथ थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सलीम खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।