NIA, IB और ATS की संयुक्त रेड, पाकिस्तानी कनेक्शन के शक में BCA छात्र गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर बना रखा था चैटिंग ग्रुप, पाकिस्तानी नंबर मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, कट्टरपंथी विचारधारा के प्रचार का भी आरोप

NIA, IB और ATS की संयुक्त रेड, पाकिस्तानी कनेक्शन के शक में BCA छात्र गिरफ्तार

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में बुधवार को एक साथ कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय जांच एजेंसियों की संयुक्त छापेमारी से हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और पूर्णिया पुलिस की टीम ने मधुबनी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी यादव टोले में दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा के प्रचार और नफरत फैलाने वाली बातचीत करने का आरोप है। जांच के दौरान एक ऑनलाइन ग्रुप में पाकिस्तानी मोबाइल नंबर मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। गिरफ्तार युवक की पहचान शाहिद अख्तर के रूप में हुई है, जो बीसीए का छात्र बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर अलग-अलग चैटिंग ग्रुप बनाकर लोगों से बातचीत करता था। इन ग्रुपों में पाकिस्तान के एक नंबर की मौजूदगी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ग्रुप में ऐसे संदेश साझा किए जा रहे थे, जिनसे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की।

आईबी के इनपुट पर हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर खुफिया इनपुट मिला था। इसके बाद उसके सोशल मीडिया अकाउंट और विभिन्न चैटिंग ग्रुप की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित बताया जा रहा है। इसी दौरान उसने अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई ग्रुप बनाए थे। इन ग्रुपों में पाकिस्तान के अलावा कुछ अफ्रीकी देशों के लोगों के जुड़े होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, अफ्रीकी देशों के नागरिकों से संपर्क और उनकी भूमिका को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गुप्त स्थान पर रखकर हो रही पूछताछ

संयुक्त छापेमारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां आरोपी को अपने साथ ले गईं। उससे सोशल मीडिया गतिविधियों, विदेशी मोबाइल नंबरों से संपर्क, चैटिंग ग्रुप के सदस्यों और कथित कट्टरपंथी प्रचार से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का विदेशी लोगों से किस तरह का संपर्क था और ग्रुप में किस प्रकार की सामग्री साझा की जा रही थी।

पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त छापेमारी और युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर ऐसी बातचीत कर रहा था, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी। ग्रुप में पाकिस्तानी नंबर मिलने की बात भी सामने आई है।

डिजिटल गतिविधियों की जांच में जुटी एजेंसियां

फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैटिंग हिस्ट्री और अन्य डिजिटल संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के संपर्क में कितने लोग थे और क्या इस नेटवर्क के जरिए किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि संचालित की जा रही थी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।