पलसापाली चेक पोस्ट पर कार से 52.52 किलो चांदी बरामद, ₹1.03 करोड़ की संपत्ति जब्त

महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में चांदी बरामद की है। कार की तलाशी में कुल 52.52 किलोग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और चांदी की 6 सिल्लियां मिलीं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार से बड़ी मात्रा में चांदी के सामान बरामद हुए। इनमें चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह चांदी की सिल्लियां शामिल हैं। बरामद चांदी का कुल वजन 52.52 किलोग्राम पाया गया।
कार में मौजूद लोगों से चांदी के सामान के परिवहन और खरीद से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चांदी और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान 3 लाख 39 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। चांदी, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल कार सहित पुलिस ने कुल करीब 1 करोड़ 3 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
यह कार्रवाई थाना बसना पुलिस द्वारा पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर की गई। पुलिस अब बरामद चांदी के स्रोत, उसके परिवहन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चांदी कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।