संरक्षित नमी का लाभ लेने किसान जीरो टिलेज तकनीक से करें बुवाई, कम होगी खेती की लागत
धान कटाई के बाद बिना पारंपरिक जुताई के गेहूं, चना और अन्य रबी फसलों की बुवाई संभव, डीजल और समय की होगी बचत

दुर्ग। जिले में गेहूं और चना की बुवाई का काम शुरू हो चुका है। इस वर्ष खेतों में पर्याप्त नमी संरक्षित होने के कारण कृषि विभाग द्वारा किसानों को जीरो टिलेज यानी शून्य जुताई तकनीक अपनाकर रबी फसलों की बुवाई करने की सलाह दी जा रही है। इस तकनीक से धान की कटाई के बाद बिना पारंपरिक जुताई किए सीधे खेतों में फसलों की बुवाई की जा सकती है। इससे खेती की लागत कम करने के साथ मिट्टी में उपलब्ध नमी का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
जीरो टिलेज तकनीक में खेत की बार-बार जुताई करने की आवश्यकता नहीं होती। धान की कटाई के बाद खेत में मौजूद नमी का उपयोग करते हुए विशेष जीरो टिलेज सीड ड्रिल मशीन के माध्यम से सीधे गेहूं, चना, मसूर और अन्य रबी फसलों की बुवाई की जा सकती है। इस तकनीक से खेत की तैयारी में लगने वाला समय कम होता है और किसान निर्धारित समय पर बुवाई कर सकते हैं।
जुताई और डीजल का खर्च होगा कम
जीरो टिलेज तकनीक अपनाने से खेत की पारंपरिक जुताई में होने वाला खर्च कम हो जाता है। ट्रैक्टर के बार-बार खेत में चलने की आवश्यकता नहीं होने से डीजल की खपत भी कम होती है। इससे किसानों को खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही समय की बचत होने से किसान रबी फसलों की बुवाई समय पर कर सकेंगे।
मिट्टी की नमी रहेगी सुरक्षित
शून्य जुताई तकनीक का एक प्रमुख लाभ खेत में उपलब्ध नमी का संरक्षण है। खेत की बार-बार जुताई नहीं होने से मिट्टी में मौजूद नमी लंबे समय तक सुरक्षित रह सकती है, जिससे फसल की शुरुआती अवस्था में पौधों को बेहतर परिस्थितियां मिलती हैं। इसके अलावा यह तकनीक मिट्टी की संरचना और जैविक गतिविधियों को बनाए रखने, मिट्टी के कटाव को कम करने तथा फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन में भी मददगार साबित हो सकती है।
सिंचाई की जरूरत कम होने की संभावना
मिट्टी में नमी का बेहतर संरक्षण होने से फसलों को शुरुआती अवस्था में लाभ मिलता है। इससे सिंचाई की आवश्यकता कम होने की संभावना रहती है। डीजल की खपत कम होने से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है। समय पर बुवाई और फसल को अनुकूल परिस्थितियां मिलने से उत्पादन एवं किसानों के आर्थिक लाभ में वृद्धि की संभावना भी रहती है।
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा दिया जा रहा प्रशिक्षण
कृषि विज्ञान केंद्र पाहंदा, दुर्ग द्वारा किसानों को जीरो टिलेज तकनीक के महत्व और इसके उपयोग की जानकारी प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से दी जा रही है। किसानों को इस तकनीक को अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में संरक्षित नमी का अधिकतम लाभ लेने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर अथवा अन्य किसानों के पास उपलब्ध जीरो टिलेज सीड ड्रिल मशीन का उपयोग कर बुवाई करें।