कुलगाम में CRPF हमले का बदल, लारू में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, 2 आतंकियों का एनकाउंटर, एक का शव बरामद
5 दिन पहले CRPF पोस्ट पर दागी थीं 30 गोलियां, हमले में 3 जवान हुए थे घायल; लश्कर कमांडर लतीफ भट और साथी उमर की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी




श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। लारू इलाके में हुई इस मुठभेड़ में एक आतंकी का शव बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पांच दिन पहले CRPF की पोस्ट पर हुए हमले के बाद शुरू किए गए तलाशी अभियान का हिस्सा है। उस हमले में तीन CRPF जवान घायल हुए थे।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास नौपोरा अखरान इलाके में CRPF की 46वीं बटालियन की पोस्ट पर आतंकियों ने हमला किया था। हमलावरों ने जवानों पर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई थीं। अचानक हुई इस गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए थे। हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश में दक्षिण कश्मीर के विभिन्न इलाकों में अभियान तेज कर दिया था। खुफिया जानकारी मिलने के बाद संयुक्त टीम ने कुलगाम के लारू इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
सुरक्षाबलों की टीम जब संदिग्ध ठिकाने के नजदीक पहुंची तो छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई।
करीब तीन घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया। शुरुआती रिपोर्टों में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट और उसके साथी उमर को मुठभेड़ में घिरा बताया गया था। अधिकारियों ने दोनों की पहचान लतीफ भट और उमर के रूप में बताई थी।