महादेव सट्टा एप केस: 15 करोड़ रुपये लेकर महादेव एप मामले को रफा-दफा कराने का ; मुंबई एयरपोर्ट पर दुबई जाते समय पकड़े गए वकील
बॉम्बे हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद रायपुर लाई ED की टीम

रायपुर। महादेव सट्टा एप मामले में मंगलवार देर रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को गिरफ्तार करने के बाद रात करीब 10:45 बजे रायपुर की विशेष PMLA अदालत में पेश किया। ED ने उनसे पूछताछ के लिए अदालत से सात दिनों की रिमांड मांगी है। मामले की सुनवाई देर रात तक जारी रही।
जांच एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु शेखर पर महादेव सट्टा एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये लेकर जांच को प्रभावित करने और मामले को रफा-दफा कराने की कोशिश का आरोप है। ED इस कथित लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है।
मुंबई एयरपोर्ट पर दुबई जाते समय पकड़े गए थे वकील
दिल्ली निवासी 43 वर्षीय हिमांशु शेखर को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय हिरासत में लिया गया था, जब वह दुबई जाने की तैयारी में थे। रायपुर ED की ओर से जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोका और जांच एजेंसी को सौंप दिया। हालांकि, गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर अदालत में पेश नहीं किए जाने से जुड़े तकनीकी आधार पर मुंबई की विशेष PMLA अदालत ने 21 नवंबर को उनकी रिहाई का आदेश दिया था।
बॉम्बे हाईकोर्ट से ED को मिली राहत
मुंबई की विशेष अदालत के आदेश को ED ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने ED को हिमांशु शेखर को गिरफ्तार कर सक्षम अदालत यानी रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश करने की अनुमति दी। इसके बाद ED की टीम उन्हें रायपुर लेकर पहुंची और देर रात अदालत में पेश कर सात दिनों की रिमांड मांगी।
सौरभ चंद्राकर के बयान से सामने आया 15 करोड़ का कथित लेन-देन
सूत्रों के मुताबिक, ओमान से प्रत्यर्पण के बाद रायपुर लाए गए महादेव एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से CBI और ED की पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरभ ने कथित तौर पर जांच से जुड़े मामलों को मैनेज कराने के लिए हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये देने की बात कही है। ED को यह भी संदेह है कि दोनों के बीच दुबई में कई मुलाकातें हुई थीं। एजेंसी अब कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और जांच को प्रभावित करने की संभावित कोशिशों के संबंध में पूछताछ करना चाहती है।
2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
महादेव सट्टा एप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को फिलहाल 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में रायपुर जेल में रखा गया है। उससे पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर ED और CBI मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही हैं।