संविधान दिवस पर भिलाई-चरोदा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने ली शपथ, देश की एकता-अखंडता और समरसता बनाए रखने का संकल्प

संविधान दिवस पर भिलाई-चरोदा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने ली शपथ, देश की एकता-अखंडता और समरसता बनाए रखने का संकल्प

भिलाई। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को भिलाई-3 चरोदा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक शपथ लेकर देश की एकता, अखंडता, समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

नगर निगम के मंत्रणा स्थल पर सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित हुए। जिला प्रशासन दुर्ग से प्राप्त मार्गदर्शन तथा निगम कमिश्नर एसके सुंदरानी के निर्देशानुसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका और उसके मूल उद्देश्यों को आत्मसात करते हुए सामूहिक शपथ ली। इस दौरान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा देश के नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने वाले संविधान के मूल सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

संविधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रभारी कार्यपालन अभियंता आलोक पसीने, सहायक अभियंता हेमंत साहू, उप अभियंता मुकेश चंद्राकर, उप अभियंता प्रभाकर शुक्ला, उप अभियंता केहर कुमार मरकाम, सहायक राजस्व अधिकारी अरुणिमा दुबे सहित राजू वर्मा, ललित चंद्राकर, कल्याणी शर्मा, सरोजनी यदु, अभिलाषा श्रीवास्तव, भागवत निर्मलकर, श्यामता साहू, यशवंत ठाकुर, चेतन देवांगन एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।