धान खरीदी केंद्र कातरो का विधायक ललित चंद्राकर ने किया निरीक्षण, किसानों से एक-एक दाना खरीदने का भरोसा

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने सेवा सहकारी समिति कातरो में धान खरीदी का निरीक्षण किया। धान खरीदी पोर्टल में रकबा जोड़ने और संशोधन की सुविधा शुरू होने पर किसानों से समय रहते रकबा जांच कराने की अपील की।

धान खरीदी केंद्र कातरो का विधायक ललित चंद्राकर ने किया निरीक्षण, किसानों से एक-एक दाना खरीदने का भरोसा

दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने सेवा सहकारी समिति कातरो में चल रही धान खरीदी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र में तौल व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता, भुगतान प्रक्रिया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। कोई भी पात्र किसान धान खरीदी से वंचित न रहे, यह सरकार की प्राथमिकता है। धान खरीदी को लेकर किसानों के लिए महत्वपूर्ण राहत की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिन किसानों ने एग्रीस्टैक (AgriStack) पंजीयन कराया है, लेकिन धान खरीदी पोर्टल में उनका रकबा दर्ज नहीं हुआ है या रकबा शून्य दिखाई दे रहा है, उनके लिए रकबा जोड़ने और संशोधन करने का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है। यह सुविधा संबंधित सहकारी समिति के मॉड्यूल में शुरू की गई है। ऐसे किसान अब अपनी समिति में जाकर पोर्टल में दर्ज रकबे की जांच करवा सकते हैं और यदि रकबा दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है, तो उसे ठीक करा सकते हैं।

किसानों से समय रहते रकबा जांच कराने की अपील

विधायक ललित चंद्राकर ने किसान भाइयों से अपील की है कि धान बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए वे समय रहते अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर रकबा जांच जरूर कराएं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का रकबा पोर्टल में नहीं जुड़ा है या रकबा शून्य दिखाई दे रहा है, वे समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर से संपर्क कर रकबा जोड़ने एवं संशोधन का कार्य पूरा कराएं, ताकि धान खरीदी के समय किसी प्रकार की समस्या न हो।

किसानों के हित में सरकार प्रतिबद्ध

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के माध्यम से उनकी मेहनत का उचित मूल्य देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुशासन सरकार का संकल्प है।

किसानों के लिए जरूरी सूचना

जिन किसानों ने एग्रीस्टैक पंजीयन करा लिया है, लेकिन धान खरीदी पोर्टल में रकबा दर्ज नहीं है या रकबा 0 दिखाई दे रहा है, वे अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर कंप्यूटर ऑपरेटर से संपर्क करें और रकबा जोड़ने अथवा संशोधन की प्रक्रिया समय रहते पूरी कराएं।