सुपेला में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
कांट्रेक्टर कॉलोनी के हरा मैदान के पास लोगों को डरा-धमका रहा था आरोपी, 14 इंच का धारदार हथियार जब्त

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 इंच लंबा धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को थाना सुपेला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांट्रेक्टर कॉलोनी स्थित हरा मैदान के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंची।
घेराबंदी कर मौके से पकड़ा
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की। मौके पर एक युवक हाथ में धारदार हथियार लहराते हुए लोगों को भयभीत करता मिला। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। आरोपी की पहचान सोनू ठाकुर उर्फ धनेश्वर साव (22) निवासी इंदिरा नगर, बालाजी फर्नीचर के पास, सुपेला के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 14 इंच लंबा धारदार हथियार, जिसमें फल की लंबाई करीब 9.5 इंच बताई गई है, बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को विधिवत जब्त कर लिया।
आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1393/2026 दर्ज किया है। उसके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
