दीपावली पर बाजारों में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 5 नवंबर से इन रातों पर एंट्री बंद

एसएसपी ने यातायात अधिकारियों को दिए निर्देश, दुर्ग, समृद्धि, जवाहर और आकाश गंगा मार्केट में पार्किंग स्थल निर्धारित; नो-पार्किंग और नशे में ड्राइविंग पर होगी सख्ती

दीपावली पर बाजारों में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 5 नवंबर से इन रातों पर एंट्री बंद

दुर्ग। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था तैयार की है। प्रमुख बाजारों में वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। वहीं दुर्ग के इंदिरा मार्केट में 5 नवंबर से चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाजारों में सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए वन-वे और डायवर्सन व्यवस्था भी लागू की जाएगी।

इस संबंध में 4 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने यातायात अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को बाजारों में व्यवस्थित पार्किंग, यातायात नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सभी जोन प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के व्यापारियों और मार्केट प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। आवश्यकता के अनुसार पार्किंग गार्ड तैनात करने और बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि बाजार आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में परेशानी न हो और सड़कों पर जाम की स्थिति निर्मित न हो।

इंदिरा मार्केट में वन-वे व्यवस्था, चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद

दुर्ग के इंदिरा मार्केट में दोपहिया वाहनों की पार्किंग महात्मा गांधी स्कूल, मारवाड़ी स्कूल और फरिश्ता कॉम्प्लेक्स में निर्धारित की गई है। चारपहिया वाहनों के लिए पशु चिकित्सालय और शनिचरी बाजार स्थित नगर निगम की खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

बाजार क्षेत्र में पटेल चौक से मध्यानी चौक, जामा मस्जिद होते हुए सीएसपी कार्यालय के पीछे से पटेल चौक तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। इसके अलावा 5 नवंबर से चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो का बाजार क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विशेष रूप से मध्यानी चौक से फरिश्ता कॉम्प्लेक्स तक चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

इन रास्तों से होगा ट्रैफिक डायवर्ट

यातायात पुलिस ने बाजार क्षेत्र में भीड़ नियंत्रित करने के लिए पांच डायवर्सन पॉइंट निर्धारित किए हैं। इनमें मध्यानी चौक से सफारा लाइन की ओर, मान होटल से नया पारा की ओर, गवलीन पारा से शिव पारा की ओर, शनिचरी बाजार से गंजपारा की ओर और फरिश्ता कॉम्प्लेक्स से बस स्टैंड की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

अन्य बाजारों में भी पार्किंग तय

समृद्धि मार्केट आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग मार्केट के बगल में स्थित पार्किंग स्थल और हॉकी मैदान में रहेगी। जवाहर मार्केट, पावर हाउस में खरीदारी करने वालों के लिए लाल मैदान स्थित दुर्गा पंडाल के पास पार्किंग निर्धारित की गई है।

आकाश गंगा मार्केट में दोपहिया वाहनों की पार्किंग हिमालय कॉम्प्लेक्स के सामने और ज्वेलर्स मार्केट के सामने निर्धारित स्थानों पर होगी। चारपहिया वाहनों को नगर निगम कार्यालय के बगल स्थित खाली मैदान में खड़ा करना होगा।

जिन बाजारों में अलग से पार्किंग स्थल उपलब्ध नहीं हैं, वहां वाहन सफेद पार्किंग मार्किंग के अंदर ही खड़े करने होंगे। सड़क और आवागमन के रास्ते में वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

नो-पार्किंग और नशे में ड्राइविंग पर होगी कार्रवाई

यातायात पुलिस नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से भारी वाहन खड़े करने तथा सड़क के बीच वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों पर बीएनएस की धारा 285 के तहत कार्रवाई की जाएगी।