कर्ज चुकाने के लिए रची ठगी की साजिश, घर छोड़ने के बहाने मोबाइल लेकर खाते से उड़ाए 45 हजार रुपये, दो गिरफ्तार

कर्ज चुकाने के लिए रची ठगी की साजिश, घर छोड़ने के बहाने मोबाइल लेकर खाते से उड़ाए 45 हजार रुपये, दो गिरफ्तार

भिलाई। कर्ज चुकाने के लिए दो युवकों ने ऑनलाइन ठगी की साजिश रच डाली। आरोपियों ने एक युवक को घर छोड़ने का झांसा देकर उसका मोबाइल फोन लिया और छलपूर्वक फोन-पे का पासवर्ड हासिल कर बैंक खाते से 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। शिकायत के बाद दुर्ग पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक एक्टिवा सहित करीब 85 हजार रुपये की मशरूका बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे से 11:09 बजे के बीच बटालियन भट्ठी क्षेत्र में हुई। कातुलबोर्ड निवासी सरताज अंसारी ने 1 नवंबर को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राजेन्द्र पटेल उर्फ राहुल और नितेश राजपूत उर्फ चिंटू ने उन्हें घर छोड़ने का बहाना बनाकर मोबाइल फोन लिया और फोन-पे का पासवर्ड हासिल कर उनके बैंक खाते से 45 हजार रुपये अपने परिचित के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर दोनों संदेहियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नितेश राजपूत पर करीब 50 हजार रुपये का कर्ज था। दीपावली के दौरान कर्ज देने वालों द्वारा रकम वापस मांगने पर दोनों ने मिलकर ठगी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र पटेल उर्फ राहुल (26 वर्ष), निवासी हरि नगर कातुलबोर्ड और नितेश राजपूत उर्फ चिंटू (27 वर्ष), निवासी साकेत कॉलोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

मोबाइल और यूपीआई को लेकर पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल अनलॉक करके न दें। यूपीआई पिन, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। खाते से संदिग्ध लेनदेन होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

आरोपी का नाम

  1. राजेन्द्र पटेल उर्फ राहुल, उम्र 26 वर्ष, निवासी हरि नगर, कातुलबोर्ड, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
  2. नितेश राजपूत उर्फ चिंटू, उम्र 27 वर्ष, निवासी साकेत कॉलोनी, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।