दिल दहला देने वाली घटना, नूडल्स खाने से पति-पत्नी और तीन बच्चों समेत एक परिवार के पांच लोगों की मौत













ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल गांव में पति-पत्नी और उनके तीन नाबालिग बच्चे घर में मृत पाए गए। पुलिस, फोरेंसिक टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में रात में नूडल्स खाने की बात सामने आई है, हालांकि मौत की असली वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35) और उनके तीन बच्चे लड्डू (11), मिष्टी (7) और साक्षात (3) ने रात में नूडल्स खाए थे। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। सुबह काफी देर तक जब घर के लोग नहीं उठे, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो पांचों बिस्तर पर मृत मिले। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले का जल्द खुलासा करने की बात कही। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी जांच में शामिल हुई। पुलिस ने पांचों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों और महेश की मां से मिली जानकारी के आधार पर रात में नूडल्स खाने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसे मौत का पुष्ट कारण नहीं माना गया है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।