हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद

हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद

धमतरी। अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि मरादेव मंदिर, गौरव पथ के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ सोनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी श्रीराम नगर धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई कर रही।