जेपी नड्डा के दुर्ग दौरे पर बदलेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की नो एंट्री में भी बदलाव

30 अक्टूबर को शहर में रूट डायवर्जन लागू, बसों के लिए पुलगांव के लक्ष्मी मार्केट में पार्किंग; चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए तीन स्थान निर्धारित

जेपी नड्डा के दुर्ग दौरे पर बदलेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की नो एंट्री में भी बदलाव

दुर्ग। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के 30 अक्टूबर को दुर्ग आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। कार्यक्रम में संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए शहर में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। सामान्य दिनों में दोपहर 12 से 2 बजे तक मिलने वाली नो एंट्री में छूट भी 30 अक्टूबर को लागू नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अपील की है।

बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट में पार्किंग

कार्यक्रम में शामिल होने वाली बसों के लिए पुलगांव स्थित लक्ष्मी मार्केट में गेट नंबर 4 से 8 तक प्रवेश और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

धमधा और अहिवारा की ओर से आने वाली बसें धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक और पुलगांव चौक होते हुए लक्ष्मी मार्केट पहुंचेंगी।

चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए तीन पार्किंग स्थल

यातायात पुलिस ने छोटे वाहनों के लिए भारती विश्वविद्यालय, प्रताप बिजनेस पार्क और नवकार परिसर में पार्किंग निर्धारित की है। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों को इन मार्गों का उपयोग करना होगा।

  • पाटन और भिलाई की ओर से आने वाले वाहन: जेल तिराहा, महाराजा चौक और पोटिया चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय या प्रताप बिजनेस पार्क में पार्किंग करेंगे।
  • बालोद और अंडा की ओर से आने वाले वाहन: अंडा, चंदखुरी और पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय या प्रताप बिजनेस पार्क पहुंचेंगे।
  • धमधा और अहिवारा की ओर से आने वाले छोटे वाहन: धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, पटेल चौक और गंजपारा तिराहा होते हुए पुलगांव नाले के पहले स्थित नवकार परिसर में पार्किंग करेंगे।
  • राजनांदगांव और अंजोरा की ओर से आने वाले वाहन: अंजोरा बाईपास और अंजोरा होते हुए पुलगांव चौक से भारती विश्वविद्यालय या प्रताप बिजनेस पार्क पहुंचेंगे।
  • रायपुर और वैशाली नगर की ओर से आने वाले वाहन: कुम्हारी, पावर हाउस, गुरुद्वारा तिराहा, मालवीय नगर चौक, जेल तिराहा और महाराजा चौक होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पहुंचेंगे।

वीवीआईपी मार्ग पर दुकानें और ठेले लगाने पर रोक

वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग महेश कॉलोनी में निर्धारित की गई है। कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक निर्धारित वीवीआईपी मार्ग पर भारी वाहन खड़े करने के साथ दुकानें और ठेले लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के लिए प्रतिबंध

30 अक्टूबर को दिन के समय दुर्ग शहर के निर्धारित मार्गों पर भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसमें गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा-महमारा रोड शामिल हैं।