GST डिप्टी कमिश्नर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने ट्रैप बिछाकर रंगे हाथ दबोचा

GST डिप्टी कमिश्नर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने ट्रैप बिछाकर रंगे हाथ दबोचा

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की वाराणसी इकाई ने राज्य कर (GST) विभाग की सेक्टर-6 में तैनात डिप्टी कमिश्नर अंबिका को ₹50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार को चेतगंज क्षेत्र स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास की गई।

विजिलेंस के अनुसार, एक निजी कंपनी की फाइल के निस्तारण और फरवरी 2023 के GST रिटर्न से जुड़े मामले में डिप्टी कमिश्नर पर रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन किया और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता को ₹50 हजार की रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया। जैसे ही डिप्टी कमिश्नर ने रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए विजिलेंस अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस टीम अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आई थीं या नहीं।

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।