पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पति की हत्या, फिर शव को पंखे से लटकाया
इटावा में अवैध संबंध के विरोध से नाराज पत्नी और प्रेमी ने रची हत्या की साजिश, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से खुला आत्महत्या का राज।


इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात करीब 1:30 बजे 35 वर्षीय आनंद राजपूत उर्फ महबूब का शव घर में पंखे से लटका मिला। मृतक के पिता सुघर सिंह राजपूत की शिकायत पर पत्नी आशिकी देवी (30) और उसके प्रेमी शिवम (24) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पत्नी के बयान बार-बार बदलने पर पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद प्रेमी शिवम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आशिकी देवी और गांव के ही रिश्ते के भतीजे शिवम के बीच प्रेम संबंध थे। मार्च में आनंद ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और विरोध करते हुए शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में शिवम जेल गया और 1 जून को जमानत पर बाहर आया।
पूछताछ में शिवम ने बताया कि जेल से छूटने के बाद दोनों ने आनंद की हत्या की योजना बनाई। वारदात वाली रात पहले आनंद को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश किया गया। इसके बाद अंगोछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और सबूत छिपाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
पुलिस के मुताबिक, वारदात से चार दिन पहले शिवम ने आशिकी को एक कीपैड मोबाइल और नया सिम कार्ड दिया था, जिससे दोनों लगातार संपर्क में रहे। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया अंगोछा, मृतक की सोने की अंगूठी, एंड्रॉयड मोबाइल और कीपैड फोन बरामद कर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच करीब तीन घंटे तक पोस्टमार्टम कराया। गले पर मिले निशानों की विशेषज्ञ फॉरेंसिक जांच में स्पष्ट हुआ कि आनंद की मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर हत्या का पूरा राज सामने आया। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
