उर्वरक वितरण में गड़बड़ी, 106 प्रतिष्ठानों को नोटिस

महासमुंद। भारत सरकार के उर्वरक मंत्रालय के निर्देश पर जिले में उर्वरकों के वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। इसी क्रम में 16 मार्च से 29 मार्च 2026 के बीच पीओएस मशीन के जरिए यूरिया के अनियमित वितरण के मामलों में जिले के 106 प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप ने बताया कि नोटिस पाने वालों में 86 निजी और 20 सहकारी संस्थाएं शामिल हैं। इन संस्थाओं पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए यूरिया की अनियमित बिक्री करने का आरोप है। सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को 7 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने साफ किया कि यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित संस्थाओं के लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जा सकते हैं।

कश्यप ने बताया कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए मैदानी स्तर पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग का फोकस इस बात पर है कि किसानों को निर्धारित दर पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मिल सके।
