खम्हरिया के होटल में ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़, दो युवक गिरफ्तार

सिक्किम बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लगा रहे थे दांव, 1.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त

खम्हरिया के होटल में ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़, दो युवक गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खम्हरिया स्थित एक होटल से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैब और 60 हजार रुपये नकद सहित करीब 1.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रियों होटल, खम्हरिया में कुछ लोग ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग एप के माध्यम से सट्टा गतिविधि संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चौकी स्मृतिनगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने होटल में दबिश दी। मौके पर दो युवकों को मोबाइल और टैब के जरिए ऑनलाइन बेटिंग करते हुए पकड़ा गया।

जांच और पूछताछ में आरोपियों ने सिक्किम नामक ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा खेलना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल, एक टैब और 60 हजार रुपये नकद बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेक्टर-6 भिलाई निवासी 24 वर्षीय शेख अकरम और सेक्टर-7 भिलाई निवासी 27 वर्षीय अनीष कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सुपेला के अंतर्गत चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 803/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा गतिविधियों में संलिप्त थे। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।