शादी से 10 दिन पहले लापता हुई युवती, खेत में जली हालत में मिला शव

बालोद। शादी की खुशियों से भरे जिस घर में 10 दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। बालोद जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम चीचा में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

मृतका लिलेश्वरी साहू का विवाह भोथली निवासी युवक से तय हुआ था। घर में तैयारियां जोरों पर थीं, निमंत्रण पत्र भी बंट चुके थे। बुधवार को परिवार के लोग शादी के काम में जुटे थे। लिलेश्वरी भी कुछ देर तक उनके साथ रही, लेकिन अचानक गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

अगले दिन गांव के पीछे खेत में उसका जला हुआ शव मिला। शव की हालत और घटनास्थल को देखकर मामला और भी संदिग्ध हो गया है। मौके पर उसका मोबाइल फोन मिला, लेकिन उसमें से सिम कार्ड गायब था, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजन इसे हत्या मान रहे हैं, जबकि पुलिस अभी आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और अन्य रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर एक खुशहाल दिख रहे परिवार में ऐसा क्या हुआ, जिसने शादी के माहौल को शोक में बदल दिया।
