मां को सर्टिफिकेट दिलाने गया बेटा सड़क हादसे का शिकार, ट्रेलर की टक्कर के बाद जिंदा जल गया युवक

मां को सर्टिफिकेट दिलाने गया बेटा सड़क हादसे का शिकार, ट्रेलर की टक्कर के बाद जिंदा जल गया युवक

दुर्ग। दुर्ग-राजनांदगांव नेशनल हाईवे-53 पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अंजोरा बाईपास स्थित आरोग्यं हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की टक्कर के बाद बाइक में भीषण आग लग गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की टक्कर के बाद बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। इसी दौरान बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और देखते ही देखते बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई। कुछ ही मिनटों में पूरी बाइक जलकर राख हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतक की पहचान राहुल चक्रधारी (21) के रूप में हुई है। वह पाटन ब्लॉक के किकिरमेटा गांव का निवासी था और वर्तमान में उतई के पास खोपली गांव में अपनी मौसी के घर रहकर फार्मेसी का काम करता था।

परिजनों ने बताया कि राहुल अपनी मां को भिलाई के एक कला एवं संस्कृति संस्थान में छोड़ने गया था, जहां उन्हें कोर्स का सर्टिफिकेट लेना था। मां को छोड़ने के बाद उसने कहा था कि वह पांच मिनट में वापस लौट आएगा, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। कुछ समय बाद परिजनों को दुर्घटना की सूचना मिली।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर (JH 05 DS 0514) को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल बाइक का नंबर CG 07 CV 3947 बताया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।