अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी फरार, 4 पुलिसकर्मी निलंबित

अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी फरार, 4 पुलिसकर्मी निलंबित

धमतरी। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने पर पुलिस अधीक्षक धमतरी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार 11 जून को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया जा रहा था। सुरक्षा अभिरक्षा में सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम तथा महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू मौजूद थे। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष), निवासी कचूरवाही, थाना आरोली, जिला नागपुर (महाराष्ट्र), पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत एक और अपराध दर्ज किया गया है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने प्रारंभिक जांच में पाया कि आरोपी की सुरक्षा और निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती गई तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। इसके बाद संबंधित चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता और अन्य देय भत्ते मिलते रहेंगे। इधर, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।