90 हजार की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल और नकदी समेत 2.30 लाख की संपत्ति जब्त

90 हजार की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल और नकदी समेत 2.30 लाख की संपत्ति जब्त

धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद तथा करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त और उसके स्रोत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

आरोपी का नाम

मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी पिता अमरनाथ साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी बस स्टैंड के पीछे रायपुर,हाल पता सोरिद नगर डीपोपारा, धमतरी, थाना सिटी कोतवाली धमतरी, जिला रायपुर (छ.ग.)