बंदरों के झुंड पर चलीं गोलियां, 22 से ज्यादा की मौत

फसल बचाने के लिए अंधाधुंध फायरिंग का आरोप, वन विभाग और पुलिस जांच में जुटे

बंदरों के झुंड पर चलीं गोलियां, 22 से ज्यादा की मौत

बेमेतरा। जिले के देवगांव से बंदरों की सामूहिक मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि फसलों को बंदरों से बचाने के लिए खेतों की रखवाली कर रहे रखवारों ने बंदरों के झुंड पर कथित तौर पर गोलियां चला दीं। घटना में 22 से अधिक बंदरों की मौत की जानकारी सामने आई है।

मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मृत बंदरों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इससे मौत की वास्तविक वजह और गोली लगने की पुष्टि होने के साथ इस्तेमाल किए गए हथियार से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। फिलहाल फायरिंग किसने की और किन परिस्थितियों में बंदरों की मौत हुई, यह स्पष्ट नहीं है।

वन विभाग और पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।