लिफ्ट मांगकर बैठा, पेशाब के बहाने रुकवाई एक्टिवा और कर दी लूट

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र के अंजोरा चौकी इलाके में लिफ्ट लेकर बैठे एक युवक ने वाहन चालक के साथ मारपीट कर उसकी एक्टिवा, मोबाइल और नगदी लूट ली। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।
मामला 9 सितंबर 2026 का है। ग्राम मनघटा, सोमनी निवासी दीप कुमार साहू भिलाई से अपनी एक्टिवा क्रमांक CG04NP0475 से गांव लौट रहे थे। पुलगांव के पास स्वराज ट्रैक्टर शोरूम के सामने एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। दीप कुमार ने उसे एक्टिवा पर बैठा लिया।
कुछ दूर आगे ग्राम सिलोदा पुल के पास आरोपी ने पेशाब करने के बहाने एक्टिवा रुकवाई। इसके बाद उसने प्रार्थी की जेब से लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल और 1,000 रुपये नगद निकाल लिए। जब दीप कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनका गला पकड़कर उन्हें झाड़ियों की ओर धक्का दे दिया और एक्टिवा लेकर फरार हो गया।
शिकायत मिलते ही पुलगांव पुलिस और अंजोरा चौकी की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल और 1,000 रुपये नगद, कुल करीब 18 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी अजय निषाद उर्फ पप्पू (26 वर्ष), निवासी संतोषी मंदिर के पास, गंजपारा, दुर्ग को BNS की धारा 304(2) के तहत गिरफ्तार कर 19 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों को लिफ्ट देते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
