पुराने विवाद में मारपीट, चापड़ दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुनंडेरा में पुराने विवाद को लेकर मारपीट और धारदार हथियार दिखाकर धमकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चापड़ भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को ग्राम डुनंडेरा निवासी गोकरण उर्फ साहिल साहू ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि गांव का रहने वाला लालेश बारले उर्फ लाला पुराने विवाद को लेकर उसके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखा धारदार हथियार दिखाकर उसे डराया।
सूचना मिलते ही उतई पुलिस ने आहत को शासकीय अस्पताल उतई में उपचार के लिए भेजा और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चापड़ बरामद हुआ। आरोपी हथियार रखने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी लालेश बारले उर्फ लाला (30 वर्ष), निवासी शंकर नगर, ग्राम डुनंडेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग के खिलाफ अपराध क्रमांक 467/2026 में धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। उसे 18 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, सउनि मदन लाल साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
