सड़क हादसे में घायल की जान बचाइए, सरकार देगी 25 हजार का इनाम: धमतरी पुलिस

धमतरी। सड़क दुर्घटना में घायलों की समय पर मदद के लिए धमतरी पुलिस ने जिलेभर में राहवीर (गुड समेरिटन) योजना के प्रचार-प्रसार का अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लोगों को बताया जा रहा है कि यदि वे सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, तो भारत सरकार की ओर से ₹25 हजार का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
धमतरी पुलिस स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, बस स्टैंड, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर पंपलेट, पोस्टर और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को राहवीर योजना की जानकारी दे रही है। अभियान का उद्देश्य लोगों को दुर्घटना के समय मूकदर्शक बनने के बजाय तुरंत मदद के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा यानी गोल्डन ऑवर सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
धमतरी पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत लागू गुड समेरिटन कानून के अनुसार, घायल की मदद करने वाले व्यक्ति को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कानूनी, पुलिस या न्यायिक कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ता। उसकी पहचान भी उसकी इच्छा के बिना सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
पुलिस के अनुसार, वर्षभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने और ₹1 लाख तक के विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान है।
धमतरी पुलिस की अपील
- सड़क दुर्घटना देखकर मूकदर्शक न बनें।
- तुरंत 112 या 108 पर सूचना दें।
- घायल को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।
- गुड समेरिटन कानून आपकी कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
- राहवीर बनें, जीवन बचाएं और मानवता का परिचय दें।
