विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से राज्योत्सव कार्यक्रम स्थगित
2 नवंबर को गंजपारा में होना था आयोजन, मंत्री गजेन्द्र यादव ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए लिया निर्णय

दुर्ग। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के आकस्मिक निधन के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दुर्ग जिले में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। यह आयोजन शहर के गंजपारा में प्रस्तावित था।
स्कूल शिक्षा एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आमजन की भावनाओं और मंशा का सम्मान करने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया है। मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि विधायक कोर्सेवाड़ा का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में जनभावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्योत्सव के जिला स्तरीय आयोजन को फिलहाल स्थगित किया गया है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अंतर्गत 2 नवंबर को दुर्ग जिले में विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने थे। गंजपारा में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही थीं। हालांकि, वरिष्ठ विधायक के निधन के बाद शोक की भावना को देखते हुए कार्यक्रम आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया।