राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, मुख्यमंत्री साय ने दिया कंधा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले- कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति, सहज और सरल व्यक्तित्व हमेशा रहेगा याद

दुर्ग। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कंधा देकर अपने साथी जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।
विधायक कोर्सेवाड़ा के अंतिम दर्शन के दौरान माहौल गमगीन रहा। मुख्यमंत्री साय ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन घड़ी में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश ने खोया एक सुलझा हुआ जनप्रतिनिधि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय निधन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अत्यंत सुलझे हुए, परिपक्व, मिलनसार और मृदुभाषी जनप्रतिनिधि थे। अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा चिंतित रहते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शिक्षक से विधायक तक का उनका सफर जनसेवा के प्रति उनके समर्पण और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। वे दूसरी बार अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। उनका सहज, सरल और आत्मीय व्यवहार लोगों के बीच उन्हें विशेष पहचान दिलाता था।
स्वस्थ होकर लौटने की थी उम्मीद, लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था
मुख्यमंत्री साय ने भावुक होते हुए बताया कि उपचार के दौरान उनकी स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा से लगातार बातचीत होती रही थी। कहीं से भी ऐसा नहीं लग रहा था कि वे हैदराबाद से स्वस्थ होकर वापस नहीं लौटेंगे। निधन से एक दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी हैदराबाद जाकर उनसे मिले थे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी भी चिकित्सकों से बातचीत कराई गई थी। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे थे। स्वयं कोर्सेवाड़ा ने भी स्वस्थ होकर वापस लौटने की उम्मीद जताई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
विमान से रायपुर पहुंचा पार्थिव शरीर, भिलाई-3 में हुए अंतिम दर्शन
शनिवार सुबह स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर विमान से रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास लाया गया, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किए। इसके पश्चात पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
दिग्गज नेताओं और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार के अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल एवं भोजराज नाग, विधायक पुन्नूलाल मोहले, ईश्वर साहू एवं ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी किरण गंगाराम चव्हाण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। 78 वर्ष की आयु में हैदराबाद में उपचार के दौरान उनका निधन हुआ था। उनके जाने से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। एक शिक्षक, जनप्रतिनिधि और जनसेवक के रूप में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।