देर रात घर नहीं लौटे दो बच्चे, CCTV से मिला सुराग, डोंगरगढ़ से सुरक्षित बरामद

दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र से बिना बताए घर से निकले दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डोंगरगढ़ से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दोनों बच्चे 11 जुलाई की रात घर नहीं लौटे थे, जिसके बाद परिजनों की सूचना पर सुपेला पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिससे बच्चों के डोंगरगढ़ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद सुपेला पुलिस और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक पारस ठाकुर, पीएसआई अजय साहू, पीएसआई जयवंती ध्रुव, एसीसीयू दुर्ग की टीम और आरक्षक दुर्गेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें और किसी भी बच्चे के लापता होने की स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना दें।
