हरि संघ मंदिर के सामने बनने वाले सामुदायिक भवन की पूरी आरसीसी छत बनेगी, बैठक में बनी सहमति

वार्ड-33 कैंप-2 में 15 लाख की लागत से बन रहे भवन के पूर्ण निर्माण का निर्णय, क्षेत्रवासियों ने पूजा-अर्चना कर जताई खुशी

हरि संघ मंदिर के सामने बनने वाले सामुदायिक भवन की पूरी आरसीसी छत बनेगी, बैठक में बनी सहमति

भिलाई। वार्ड-33 कैंप-2 स्थित विवेकानंद नगर में हरि संघ मंदिर के सामने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की विधायक निधि से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के संबंध में शनिवार को नगर निगम परियोजना कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भवन के संपूर्ण क्षेत्र में आरसीसी छत ढलाई कराने पर सर्वसम्मति से सहमति बनी।

बैठक में परियोजना अधिकारी नितेश मेसराम, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, इंजीनियर दीपक देवांगन, विधायक कार्यालय के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ बंगाली मित्र समाज के प्रदेशाध्यक्ष सुमन शील सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में सामुदायिक भवन के अधिकतम उपयोग और जनहित को ध्यान में रखते हुए विस्तृत चर्चा की गई।

सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भवन के पूरे हिस्से में आरसीसी छत का निर्माण कराया जाएगा, जिससे भविष्य में भवन का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए पूरी क्षमता के साथ किया जा सके। इस प्रस्ताव पर हरि संघ समिति के अध्यक्ष भूपति मंडल ने भी अपनी लिखित सहमति प्रदान की।

बैठक के बाद हरि संघ समिति और क्षेत्रवासियों ने निर्माण स्थल पर पूजा-अर्चना कर निर्णय का स्वागत किया। महिलाओं ने ब्रह्मा, विष्णु और महेश के नाम पर नारियल फोड़कर निर्माण कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

हरि संघ समिति ने इस निर्णय के लिए विधायक रिकेश सेन, परियोजना अधिकारी नितेश मेसराम, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, इंजीनियर दीपक देवांगन तथा इस विषय पर समन्वय की भूमिका निभाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ बंगाली मित्र समाज के प्रदेशाध्यक्ष सुमन शील का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सुमि शील, चित्रा मंडल, नर्मदा राय, पूजा मल्लिक, गायत्री विश्वास, तरुबाला, रूमा मल्लिक, सबिता पंडित, इंद्रासन, भूपति मंडल, मानिक शील, संजय शील, अनिल मंडल, सपन राय, गणेश शील, सुब्रत राय, सुशील पात्रो, उत्तम विश्वास, राजेश सरकार, शिखा शील, काजल राय, नमिता शील सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।