पालम अग्निकांड: बहुमंजिला इमारत में आग से 9 की मौत, बच्चों को बचाने पहली मंजिल से फेंका

नई दिल्ली। पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। नई दिल्ली के साध नगर स्थित एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में 3 बच्चों सहित 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 6 बजकर 40 मिनट की है। राम चौक बाजार इलाके में स्थित इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक कॉस्मेटिक दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।

आग के साथ उठे घने धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। हालात इतने भयावह थे कि लोग अपनी जान बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को मजबूर हो गए।
घटना के दौरान कई दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए। आग और धुएं से घिरे लोगों ने अपने बच्चों को बचाने के लिए पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। नीचे खड़े लोगों ने बच्चों को संभाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही Delhi Fire Service की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें 3 बच्चे शामिल हैं।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के वक्त अधिकांश लोग सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों ने राहत कार्य में देरी का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि दमकल विभाग को मौके पर पहुंचने में 40 से 45 मिनट लग गए, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग के सटीक कारणों और संभावित लापरवाही की पड़ताल की जा रही है।