सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, हथियार सप्लायर शकील अंसारी मुठभेड़ में गिरफ्तार

गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग को हथियार पहुंचाने का आरोप, पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने दबोचा

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, हथियार सप्लायर शकील अंसारी मुठभेड़ में गिरफ्तार

श्रीगंगानगर। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े हथियार सप्लाई नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए श्रीगंगानगर पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर और हथियार सप्लायर शकील अंसारी उर्फ आदिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई से जुड़े होने के साथ ही गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग को हथियार उपलब्ध कराने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार शकील अंसारी पंजाब के लुधियाना का निवासी है और लंबे समय से विभिन्न राज्यों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर था। उस पर कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित होने का आरोप है।

गुरुवार तड़के पुलिस को सूचना मिली थी कि शकील किसी संभावित आपराधिक वारदात की योजना के तहत श्रीगंगानगर क्षेत्र में पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शकील के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया।

चिकित्सकों के मुताबिक शकील अंसारी की हालत फिलहाल स्थिर है। अस्पताल में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच उसका इलाज जारी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हथियार तस्करी नेटवर्क और गैंगस्टर कनेक्शन से जुड़े कई अहम सुराग जुटाने में लगी हुई है। गौरतलब है कि 29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था। शकील अंसारी की गिरफ्तारी को इस पूरे नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।