सोशल मीडिया रील के लिए सड़क पर स्टंट करना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

सोशल मीडिया रील के लिए सड़क पर स्टंट करना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

भिलाई। सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वाले एक युवक को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा बिना नंबर की मोटरसाइकिल से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक स्टंट कर आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डाला जा रहा था। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 को व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें "स्मार्ट बच्चा युवराज सोनी" नामक आईडी से एक युवक सड़क पर बिना नंबर की मोटरसाइकिल चलाते हुए खतरनाक स्टंट करता दिखाई दिया। वीडियो की जांच के बाद युवक की पहचान युवराज सोनी (20 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, मिनीमाता चौक, भिलाई के रूप में की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी सदर क्षेत्र में बाइक से स्टंट कर राहगीरों को भयभीत कर रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा समझाइश दिए जाने पर वह विवाद और झगड़ा करने पर आमादा हो गया, जिससे क्षेत्र में अशांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।

मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 880/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।