चिट्टा तस्करी के मामले में फरार आरोपी मंडला से गिरफ्तार, सुपेला पुलिस ने 4 महीने बाद दबोचा

भिलाई। दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सुपेला पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 वर्षीय आरोपी वैभव सोनी को मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया है। आरोपी जुलाई 2026 में कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाशने के मामले में शामिल था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में शामिल तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पूरी हो गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति लाल रंग की कार में प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) लेकर कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में घूम रहे हैं और बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़कर वैधानिक कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज और मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लाल रंग की कार क्रमांक CG 07 CV 3587 बरामद की गई थी। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 94 हजार रुपये बताई गई थी।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तीसरे की तलाश में जुटी थी पुलिस
इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को वैभव सोनी की तलाश थी। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। तकनीकी जानकारी और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस को उसके मध्यप्रदेश के मंडला में होने की सूचना मिली। इसके बाद सुपेला पुलिस की टीम ने मंडला में दबिश देकर आरोपी वैभव सोनी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 25 वर्ष है और वह हाउसिंग बोर्ड जामुल, जिला दुर्ग का निवासी है। पुलिस उसे दुर्ग लेकर आई, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 24 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार में घूमकर ग्राहक तलाशते थे आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी आपसी समन्वय से लाल रंग की कार में हेरोइन (चिट्टा) रखकर क्षेत्र में घूमते थे और संभावित ग्राहकों की तलाश करते थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर जुलाई में कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी थी, जिसे अब मंडला से पकड़ लिया गया है।
9.94 लाख रुपये का मशरूका किया गया था जब्त
पुलिस ने पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों से कुल 8.85 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इसमें 2.65 ग्राम हेरोइन की अनुमानित कीमत 53 हजार रुपये और 6.20 ग्राम की कीमत 1 लाख 24 हजार रुपये बताई गई थी। इसके अलावा रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 7 हजार रुपये, मोटोरोला कंपनी का एक मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 10 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त लाल रंग की कार, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई थी, जब्त की गई थी। इस तरह पुलिस ने कुल 9 लाख 94 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया था।
तीनों आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
इस पूरे मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8 और 21 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पहले मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज और मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। अब तीसरे आरोपी वैभव सोनी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।