युवती का रास्ता रोककर जबरन बाइक पर ले जाने और मारपीट करने का मामला, एक आरोपी गिरफ्तार
मगरलोड पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जब्त, मुख्य आरोपी फरार; तलाश में जुटी पुलिस टीम

धमतरी। जिले में युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जबरन अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी पुष्पेन्द्र यादव (20) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 नवंबर की सुबह की है। ग्राम सेन्हाभाठा निवासी युवती अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास मनमोहन साहू और उसका साथी पुष्पेन्द्र यादव मोटरसाइकिल से उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास आरोपियों ने युवती की स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया तथा दांत से गाल पर काटकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए ग्राम परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने लगे।
इसी बीच युवती के परिजन और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। युवती के फूफा कैलाश साहू सहित ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान मुख्य आरोपी मनमोहन साहू मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। संदेह के आधार पर पुष्पेन्द्र यादव, निवासी ग्राम गिरौद, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899 जब्त की गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने पुष्पेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।