साइबर अपराधियों पर शिकंजे की तैयारी, CM विष्णुदेव साय ने किया नए साइबर थाने का लोकार्पण; नशामुक्ति अभियान भी शुरू
35 लाख रुपये की लागत से बना रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन दुर्ग, बालोद और बेमेतरा में करेगा काम; रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन, युवाओं को नशे से बचाने के लिए तीन स्तरीय कार्ययोजना लागू


दुर्ग। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर नियंत्रण और नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने की दिशा में दुर्ग पुलिस को नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार, 24 नवंबर को महिला थाना सेक्टर-6 भिलाई के समीप लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया और दुर्ग पुलिस के संकल्प अभियान 'नशा मुक्ति' का शुभारंभ किया।
नए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के शुरू होने से दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा में साइबर अपराधों की शिकायतों और जटिल मामलों की जांच को मजबूती मिलेगी। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अपराध और तकनीक आधारित अपराधों की विवेचना की जाएगी। साथ ही डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी विधिवत उद्घाटन किया। नई पुलिस चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं अधिक सुलभ हो सकेंगी।
नशे के खिलाफ तीन स्तरों पर चलेगा संकल्प अभियान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के 'संकल्प अभियान - नशा मुक्ति' का पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ किया। अभियान के तहत नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरों पर कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें गांवों, वार्डों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाना, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ना शामिल है। इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
साइबर अपराध और नशे की सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की सहायता के लिए दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
-
मानस हेल्पलाइन: 1933
-
एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन: 94791-5151
पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करना और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष रिकेश सेन, वैशाली नगर विधायक, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर सहित पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला प्रशासन के अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।