हेरोइन तस्करी मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार, 70.460 ग्राम हेरोइन सहित ₹29.22 लाख की सामग्री हुई थी जब्त
खुर्सीपार के जीरो स्ट्रीट में 19 सितंबर को हुई थी कार्रवाई, पुलिस की लगातार पतासाजी के बाद तीनों आरोपी पकड़े गए

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में हेरोइन के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी 25 सितंबर को लगातार की जा रही पतासाजी और पुलिस टीम के प्रयासों के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक 03, जीरो स्ट्रीट खुर्सीपार स्थित एक मकान में हेरोइन का अवैध विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 70.460 ग्राम हेरोइन, नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित करीब ₹29.22 लाख की सामग्री जब्त की थी।
मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत धारा 8, 21(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी फरार थे, जिनकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी।
पुलिस ने अब इस मामले में सैमसंग प्रसाद उर्फ सल्लू (32), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जामुल; गुरमीत सिंह उर्फ लक्की (21), निवासी जीरो स्ट्रीट खुर्सीपार और आशीष कुमार शाह (26), निवासी शिवाजी नगर खुर्सीपार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में आरोपियों की हेरोइन के अवैध कारोबार और उसके विक्रय में संलिप्तता सामने आई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
