20 हजार उधार के बाद मांगी अतिरिक्त रकम, महिला और बेटे से मारपीट; तीन गिरफ्तार

पति के इलाज के लिए लिया था कर्ज, मूलधन-ब्याज चुकाने के बाद भी अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप; घर से कोरा चेक और दस्तावेज बरामद

20 हजार उधार के बाद मांगी अतिरिक्त रकम, महिला और बेटे से मारपीट; तीन गिरफ्तार

भिलाई। पति के इलाज के लिए लिए गए 20 हजार रुपये के कर्ज की मूल राशि और ब्याज चुकाने के बाद भी अतिरिक्त रकम की मांग करने और रकम नहीं देने पर महिला व उसके बेटे के साथ मारपीट करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महिला और उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी भी दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से महिला का एक कोरा चेक और संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को श्रीमती रेखा ताण्डी, निवासी सुपेला ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उनके पति की तबीयत खराब होने पर उपचार के लिए उन्होंने पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस रकम पर साप्ताहिक ब्याज की मांग की जा रही थी।

अतिरिक्त रकम देने से इनकार पर मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार, जब रेखा ताण्डी ने एकमुश्त अतिरिक्त रकम देने में असमर्थता जताई, तो पूजा राव उन्हें उपचार कराने की बात कहकर अपने वाहन से अपने घर ले गईं। आरोप है कि वहां पूजा राव, चंदन राव और प्रवीण शर्मा ने महिला और उसके पुत्र से अतिरिक्त रकम की मांग की।

पुलिस के अनुसार, रकम देने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए महिला और उसके पुत्र के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की।

घर की तलाशी में कोरा चेक मिला

शिकायत मिलने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद आरोपी पूजा राव के घर की तलाशी ली गई, जहां से प्रार्थिया का एक कोरा चेक और उससे संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद तीनों को 20 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव (42), निवासी सेक्टर-1 सड़क 15, क्वार्टर नंबर 10 बी, भिलाई, चंदन राव (25) और प्रवीण शर्मा (48) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार मामले में घटना स्थल सेक्टर-1, सड़क 15, क्वार्टर नंबर 10 बी, भिलाई है। प्रकरण की विवेचना जारी है।