तबादला बिल्हा बिलासपुर का, ड्यूटी भिलाई में, 15 महीने बाद सुपेला सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. पीयाम पर बड़ा एक्शन

जून 2025 के तबादला आदेश के बाद भी सुपेला में सेवाएं देने का मामला, मार्च 2026 में भिलाई-3 मूल पदस्थापना पर लौटने के निर्देश भी नहीं हुए थे लागू

तबादला बिल्हा बिलासपुर का, ड्यूटी भिलाई में, 15 महीने बाद सुपेला सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. पीयाम पर बड़ा एक्शन

भिलाई। लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीयाम सिंह को आखिरकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हा, जिला बिलासपुर के लिए रिलीव कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के निर्देशों के बावजूद लंबे समय से सुपेला अस्पताल में कार्यरत रहने के मामले में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश के बाद यह कार्रवाई हुई।

जानकारी के अनुसार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, मंत्रालय रायपुर ने जून 2025 में चिकित्सा अधिकारियों की नवीन पदस्थापना सूची जारी की थी। सूची में 58 चिकित्सकों के नाम शामिल थे। इसमें डॉ. पीयाम सिंह का नाम भी था। आदेश के अनुसार उनका तबादला लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला, भिलाई से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हा, जिला बिलासपुर किया गया था। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उन्होंने बिल्हा में ज्वाइन नहीं किया और सुपेला अस्पताल में ही सेवाएं देते रहे।

मार्च 2026 में भी जारी हुआ था आदेश

इसके बाद आयुक्त-सह-संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ शासन ने 12 मार्च 2026 को स्वास्थ्य संस्थाओं में मूल पदस्थापना से अन्यत्र संलग्न चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों का संलग्नीकरण समाप्त करने संबंधी आदेश जारी किया था। इस आदेश में नियमित संवर्ग के 61 अधिकारी-कर्मचारियों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 41 कर्मचारियों समेत कुल 102 लोगों के संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। आदेश का उद्देश्य चिकित्सकों और कर्मचारियों को उनकी निर्धारित मूल पदस्थापना पर वापस भेजना था। इसी क्रम में डॉ. पीयाम सिंह को सीएचसी भिलाई-3 में जाकर सेवाएं देने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि आदेश जारी होने के करीब छह महीने बाद भी उन्होंने वहां ज्वाइन नहीं किया और सुपेला अस्पताल में ही अधीक्षक की जिम्मेदारी संभालते रहे।

हाजिरी सुपेला में, वेतन पाटन से?

मामले में एक और सवाल उनकी हाजिरी और वेतन को लेकर उठ रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डॉ. पीयाम सिंह की हाजिरी लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में लग रही थी, जबकि उनका वेतन पाटन विकासखंड से जारी होने की बात सामने आई है। बताया गया है कि सीएचसी भिलाई-3 पाटन विकासखंड के अंतर्गत आता है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर यह स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि डॉ. पीयाम सिंह की वर्तमान वैध पदस्थापना क्या है, उनका वेतन किस कार्यालय से आहरित हो रहा है और किस आदेश के आधार पर वे सुपेला अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अथवा अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

तबादला आदेशों के पालन पर उठे सवाल

पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल जून 2025 के तबादला आदेश को लेकर है। आदेश में बिल्हा पदस्थापना के बावजूद यदि डॉ. पीयाम सिंह ने वहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया, तो उन्हें सुपेला में कार्य करने की अनुमति किस स्तर से मिली, यह जांच का विषय है। इसके बाद 12 मार्च 2026 को जारी आदेश में उन्हें मूल पदस्थापना सीएचसी भिलाई-3 लौटने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद सुपेला अस्पताल में उनकी सेवाएं जारी रहने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब दुर्ग प्रशासन की कार्रवाई के बाद डॉ. पीयाम सिंह को बिल्हा के लिए रिलीव कर दिया गया है। हालांकि, जून 2025 से सितंबर 2026 तक के पदस्थापना आदेशों के अनुपालन, हाजिरी और वेतन आहरण की स्थिति को लेकर सामने आए सवालों पर संबंधित विभाग का आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आना बाकी है।