जरूरतमंदों को आर्थिक मदद का झांसा देकर कराते थे फाइनेंस, वाहन-मशीन बेचकर कमाते थे मुनाफा; 2 आरोपी गिरफ्तार
10 लाख रुपये कीमत के 8 वाहन और एक वॉशिंग मशीन समेत कुल 9 नग मसरूका बरामद


भिलाई। जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ और मदद का झांसा देकर उनके नाम पर वाहन और अन्य सामग्री फाइनेंस कराने वाले दो आरोपियों को स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फाइनेंस कराए गए वाहन और सामान को कम कीमत में दूसरे लोगों को बेचकर रकम आपस में बांटने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत के 8 वाहन और एक वॉशिंग मशीन समेत कुल 9 नग मसरूका बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ दिलाने का लालच दिया जाता था। उनके नाम पर वाहन और अन्य सामग्री फाइनेंस कराते समय आरोपी खुद डाउन पेमेंट करने और आगे की EMI भरने का आश्वासन देते थे। पीड़ितों का विश्वास हासिल करने के बाद फाइनेंस कराए गए वाहन और सामान को कम कीमत पर अन्य व्यक्तियों को बेच दिया जाता था। इससे मिलने वाली रकम आरोपियों द्वारा आपस में बांट ली जाती थी। 21 सितंबर 2026 को मनीष डहेरवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी भिलाई नगर ने स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच में धोखाधड़ी के तथ्य सामने आने पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1408/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर 8 वाहन और 1 वॉशिंग मशीन, कुल 9 नग मसरूका बरामद की गई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस (28), निवासी कैलाश नगर, जामुल और भोजराज राय उर्फ भोजू (26), निवासी कोहका, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही शेष मसरूका की पतासाजी और बरामदगी की कार्रवाई विवेचना के दौरान जारी है।
